सिद्धार्थनगर। जिले में बृहस्पतिवार को अनुमान के अनुसार परिवर्तन नहीं हुआ। पश्चिमी विक्षोभ को नेपाल की ओर शिफ्ट होने के बाद बादल नेपाल में चल गए और नेपाल की तराई क्षेत्र में कम बादल दिखे। इस कारण भीषण गर्मी में उम्मीद की राहत नहीं मिली। हालांकि, पूर्वानुमान है कि जिले में शुक्रवार को बादल से मौसम बदल सकता है।जिले में कहीं कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है।
जिले में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आसमान में शाम बादल दिखे लेकिन आसमान का ज्यादा हिस्से में बादल नहीं थे। इस कारण धूप से भी राहत कम मिली। हवा की औसत रफ्तार 35 से 40 किमी दर्ज की गई। हवा की रफ्तार से अधिक होने के कारण गर्म हवाएं उड़ने से कुछ राहत जरूर मिली।
मौसम का असर ऐसा रहा है कि दोपहर में चौक चौराहों पर सन्नाटा नजर आ रहा था। सड़कों पर वाहनों की संख्या कम हो गई थी। शाम होते ही लोग छतों पर पहुंचे ताकि खुली हवा में सांस लेने से कुछ राहत मिले। रात में लोगों के घरों में गर्मी और कुछ उमस रही, जबकि घर के बाहर मच्छरों के हमला से नींद हराम होती रही। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हवा की रफ्तार तेज रही तो धूप के बावजूद भी तापमान में अधिक वृद्धि नहीं होगी।
राज्य मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ को नेपाल के ऊपर शिफ्ट होने के कारण तराई क्षेत्र में बादल कम बना। हालांकि, शुक्रवार को बादल आने की संभावना है। बादल का मौसम बना तो तापमान में कुछ गिरावट होगी।