सिद्धार्थनगर। बरात पहुंच चुकी थी, द्वारपूजा की तैयारी चल रही थी। इसी बीच पता चला कि बरात वाले नाच (डांस पार्टी) लेकर नहीं आए हैं। इस पर घराती पक्ष के कुछ युवक खफा हो गए। बात-बात में मामला बढ़ गया और बराती भी विवाद करने लगे। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद बरात बिना शादी किए ही लौट गई।
मंगलवार को लड़की के पिता ने थाने पर पत्र देकर पूरे मामले की जानकारी दी। बताया कि बराती खाना खाकर शादी किए बिना ही लौट गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया। काफी समझाने के बाद पुलिस ने दूल्हे और दुल्हन की शिव मंदिर में शादी कराई। थाने में दोनों पक्षों को जलपान कराकर दुल्हन को विदा किया गया। मामला शिवनगर डिडई थाना क्षेत्र के तिलौली गांव का है।
क्षेत्र के तिलौली गांव निवासी राजकुमार की पुत्री अनीता की शादी बांसी कोतवाली क्षेत्र के कोल्हुई गांव निवासी दीपचंद पुत्र सूर्यनारायण के साथ तय थी। सोमवार को बरात कोल्हुई थाना बांसी से थाना शिवनगर डिड़ई के तिलौती में आई थी। जलपान के बाद द्वारपूजा की तैयारी हो रही थी। इसी बीच बरात में नाच न आने पर लड़की पक्ष के कुछ युवक हो हल्ला करने लगे। इसके बाद घराती और बराती पक्ष में कहासुनी के बाद बरात बिना विवाह के ही लौट गई।
मंगलवार सुबह लड़की के पिता ने थाने पर तहरीर दी। उन्होंने बताया कि तय कार्यक्रम के अनुसार बरात आई थी। बराती खाना भी खा चुके थे। इसी बीच लड़की और लड़के पक्ष के मध्य कुछ कहासुनी के बाद सूर्यनारायण बरात लेकर लौट गए।
इसके बाद थानाध्यक्ष शिवनगर राजेश कुमार शुक्ला ने दोनों पक्षों को समझाया और दोपहर में थाना परिसर में स्थित शिव मंदिर में विधि विधान से दोनों का विवाह कराया और दोनों पक्षों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की। पुलिस के इस कार्य से क्षेत्र में सराहना हो रही है। इस अवसर पर सीओ बांसी देवी गुलाम, थानाध्यक्ष शिवनगर राजेश शुक्ल, महिला कांस्टेबल प्रतिमा दुबे, कांस्टेबल युधिष्ठिर आदि मौजूद रहे।