सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र की बूढ़ी राप्ती के मुंहचुरवा घाट पर दोस्तों के साथ रविवार को नहाने गए युवक की डूबकर मौत हो गई। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दिए बगैर परिजनों ने शव को दफन कर दिया।
कठेला समय माता थाना क्षेत्र के बेलबनवा गांव निवासी अहमद (25) पुत्र पटवारी तीन दिन पूर्व मुंबई से अपने घर वापस आया था। रविवार दोपहर को गर्मी अधिक होने से वह अपने दोस्तों के साथ बाइक से ढेबरुआ थाना क्षेत्र के मुंहचुरवा घाट स्थित बूढ़ी राप्ती नदी में स्नान करने गया था। बताया जा रहा है कि दोस्तों के साथ नदी में नहाने के दौरान अहमद गहराई में चला गया और डूबने लगा। इस पर उसके दोस्तों ने शोर मचाया तो मौके पर पहुंचे कई ग्रामीणों ने नदी में छलांग लगा दी और मशक्कत के बाद अहमद को पानी से बाहर ले आए। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा गया। मृतक अहमद अपने तीन भाई व दो बहनों में छोटा था अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। परिजनों ने शव को नदी से बाहर निकालने के बाद उसे दफन कर दिया। इस संबंध में एसओ संतोष कुमार यादव ने कहा कि घटना की जानकारी नहीं है। परिवार के लोगों को इस बारे में सूचना नहीं दी गई।