सिद्धार्थनगर। जिले में लू के थपेड़ों से लोगों के चेहरे मुरझा रहे हैं। दोपहर में राह चलते लोगों के गले सूख जा रहे हैं। यही कारण है कि राहगीर कुछ देर चलने के बाद ही पानी और छांव की तलाश कर रहे हैं, जबकि रात में अधिक तापमान होने के कारण पसीने से कई बार नींद टूट रही है। गर्मी के असर के आगे कूलर, पंखे की हवा भी बेअसर साबित हो रही है।
जिले में शुक्रवार को अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट हुई, लेकिन पश्चिमी हवा कुछ धीमी होने के कारण धूप की असर तेज हो गई। अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस था। न्यूनतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इस कारण लोग रात में छतों पर टहलते नजर आए। पछुआ की रफ्तार करीब 35 किमी प्रति घंटा रही, जबकि रात में हवा मंद हुई तो परेशानी और बढ़ गई।
दोपहर में धूप इतनी तेज थी कि दो पहिया वाहनों से आने-जाने वाले लोगों को चेहरा बांधना पड़ा। गर्मी से बचने के लिए लोग साथ में पानी लेकर चल रहे हैं। राज्य मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दो दिन और मौसम गर्म रहेगा। लोगों को गर्मी से बचने की आवश्यकता है। 19 जून से बारिश का पूर्वानुमान है।